Ujjain Violence: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के तराना कस्बे में गुरुवार रात हुए विवाद के बाद भड़के सांप्रदायिक तनाव के मामले में अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रदीप शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
एसपी शर्मा के अनुसार, शांति बनाए रखने के लिए तराना में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में लगातार फ्लैग मार्च किए जा रहे हैं और पुलिस वाहन गश्त पर हैं। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने निषेधाज्ञा लागू करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 163 भी लागू कर दी है।
Ujjain Violence: अब तक 20 लोग गिरफ्तार
उन्होंने बताया, “अब तक 20 लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर रही है। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है।”
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व अफवाहें फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। कॉलोनियों में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में यातायात भी बहाल कर दिया गया है।
Ujjain Violence: कैसे शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात एक मामूली विवाद के बाद दो लोगों के साथ कथित तौर पर मारपीट हुई थी, जिनमें से एक व्यक्ति हिंदू संगठन से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के एक प्रचारक और उसके साथी पर हमला किया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए उज्जैन रेफर किया गया।
Ujjain Violence:
इसके विरोध में शुक्रवार को कुछ दक्षिणपंथी संगठनों से जुड़े लोगों ने धार्मिक नारेबाजी की और बस स्टैंड पर खड़ी करीब एक दर्जन बसों में तोड़फोड़ की। इस दौरान कम से कम छह लोग घायल हो गए।
शुक्रवार को नमाज के बाद हालात एक बार फिर बिगड़ गए। आरोप है कि भीड़ ने दो बसों में आग लगा दी, दुकानों में तोड़फोड़ की और कई स्थानों पर पथराव किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
छह के खिलाफ हत्या का मामला
एसपी शर्मा ने बताया कि इस मामले में छह लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
Ujjain Violence: पुलिस के अनुसार, यह मामला सोहेल ठाकुर नामक युवक पर हुए हमले से जुड़ा है, जिस पर पीछे से कुछ युवकों ने हमला किया था। उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और उसे उज्जैन रेफर किया गया। उसकी शिकायत पर सप्पन मिर्जा, इशान मिर्जा, शादाब उर्फ इडली, सलमान मिर्जा, रिजवान मिर्जा और नावेद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से पांच को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य से पूछताछ जारी है। घायल की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
तनाव के चलते शुक्रवार को तराना के बाजार बंद रहे। संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।