Kathua Encounter: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को जैश-ए-मोहम्मद के एक सक्रिय आतंकवादी को मार गिराया। यह एनकाउंटर बिलावर के पटौदी क्षेत्र में हुआ। मारे गए आतंकी की पहचान उस्मान के रूप में हुई, जो पिछले एक वर्ष से बिलावर क्षेत्र में सक्रिय था। वह उधमपुर के माफिया आतंकवादी समूह का भी सदस्य था।
अमेरिकी M4 असॉल्ट राइफल बरामद
सूत्रों के अनुसार, आतंकी लगातार ठिकाने बदलकर बिलावर और उधमपुर क्षेत्र में रह रहा था। 6 और 7 जनवरी के बीच वह रिहायशी इलाकों में लगातार मूवमेंट कर रहा था और सर्दी के लिए रसद इकट्ठा कर रहा था।
Kathua Encounter 2026: उस्मान के पास से अमेरिका में बनी M4 असॉल्ट राइफल, हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ। M4 असॉल्ट राइफल हल्की होने के साथ एक मिनट में लगभग 800 राउंड फायर कर सकती है, और इसका रेंज 3500 मीटर तक है। इसमें नाइट विजन और स्टील बुलेट फायरिंग की सुविधा भी मौजूद है।
Kathua Encounter 2026: 15 दिन की रेकी के बाद चार घंटे में एनकाउंटर
बिलावर पुलिस ने 15 दिनों तक खुफिया टीम के सहयोग से आतंकी की मूवमेंट की निगरानी की। मौसम और इलाके की पुख्ता जानकारी के आधार पर, पुलिस को पता था कि ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और बारिश के दौरान आतंकी नीचे आएगा।
जैसे ही उस्मान रसद लेने के लिए एक घर में गया, पुलिस ने उसे चार घंटे तक चली मुठभेड़ में ढेर कर दिया।
पिछले एनकाउंटर और घुसपैठ इतिहास
सूत्रों के मुताबिक, उस्मान ने तीन साल पहले कठुआ के हीरानगर सेक्टर से अपने तीन साथियों के साथ सीमा पार से घुसपैठ की थी। इसके बाद यह आतंकियों का दल लगातार उधमपुर और कठुआ में सक्रिय रहा और सुरक्षाबलों के साथ समय-समय पर मुठभेड़ होती रही।
Kathua Encounter: गणतंत्र दिवस से पहले बड़ी कामयाबी
पुलिस, सेना, एसओजी और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थीं। आतंकी उस्मान तीन दिन पहले भी सुरक्षाबलों के निशाने पर आ चुका था, लेकिन भागने में कामयाब रहा। इस बार सुरक्षाबलों ने इसे भागने नहीं दिया।
एसपी ऑपरेशन आमिर इकबाल ने कहा कि आतंकी उधमपुर से भाग आया था। बीते 15 दिनों में कई मुठभेड़ हुई, लेकिन वह हर बार चकमा देकर बच निकलता था।