Ram Navami 2026: हर वर्ष चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से लेकर नवमी तिथि तक चैत्र नवरात्र का पावन पर्व मनाया जाता है। इस वर्ष 19 मार्च से चैत्र नवरात्र की शुरुआत हो रही है। इन नौ दिनों में जगत जननी मां दुर्गा और उनके नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा की जाती है। भक्त मां को प्रसन्न करने और उनका आशीर्वाद पाने के लिए पूरे नौ दिन व्रत रखते हैं। मान्यता है कि इस व्रत से जीवन में सुख-समृद्धि और शांति की प्राप्ति होती है।
धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्म हुआ था। इसी कारण हर वर्ष चैत्र शुक्ल नवमी को राम नवमी का पर्व मनाया जाता है। इस दिन भगवान श्रीराम की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है और व्रत रखकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया जाता है। आइए जानते हैं राम नवमी 2026 की सही तिथि, शुभ मुहूर्त और पूजा का समय।
राम नवमी पूजा का शुभ समय
ज्योतिष गणना के अनुसार, 26 मार्च को सुबह 11 बजकर 13 मिनट से दोपहर 01 बजकर 41 मिनट तक पूजा का श्रेष्ठ समय रहेगा। मध्याह्न बेला दोपहर 12 बजकर 27 मिनट पर होगी, जिसे भगवान श्रीराम का जन्म समय माना जाता है। इस दौरान पूजा करना अत्यंत फलदायी माना गया है।
राम नवमी 2026 तिथि
वैदिक पंचांग के अनुसार, चैत्र शुक्ल नवमी तिथि 26 मार्च को सुबह 11 बजकर 48 मिनट पर प्रारंभ होगी और 27 मार्च को सुबह 10 बजकर 06 मिनट पर समाप्त होगी।
भगवान श्रीराम का जन्म मध्याह्न काल में हुआ था, इसलिए 26 मार्च को ही राम नवमी मनाई जाएगी।
राम नवमी के शुभ योग
इस वर्ष राम नवमी के दिन शोभन योग, सर्वार्थ सिद्धि योग, रवि योग और शिववास योग जैसे कई शुभ संयोग बन रहे हैं। इन मंगलकारी योगों में भगवान श्रीराम की पूजा करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन के कष्टों से मुक्ति मिलती है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य पंचांग पर आधारित है। हम इसकी पूर्ण सत्यता या सटीकता की पुष्टि नहीं करते। अधिक जानकारी के लिए किसी योग्य ज्योतिष या धर्म विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।