Patna News: रविवार की अहले सुबह मनेर दरगाह में उर्स मेला देखकर घर लौट रहे लोगों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। बिहटा–आरा मुख्य मार्ग पर परेव, लेखन टोला के समीप एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपू (ऑटो) में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही आधा दर्जन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
Patna News: मौके पर पहुंची पुलिस
हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर बिहटा पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और ट्रक चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Patna News: मृतकों की पहचान
इस हादसे में मरने वालों की पहचान भोजपुर जिले के आरा स्थित चिक टोली निवासी गुड्डू कुमार (33), मो. इम्तियाज उर्फ बुलेट (30), मो. सहजाद (22) दौलतपुर निवासी मो. शहजाद की तीन वर्षीय पुत्री शफना डेढ़ वर्षीय पुत्र मो. अस्फी के रूप में की गई है। इसके अलावा एक घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
Patna News: एक ही परिवार के थे सभी यात्री
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ऑटो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। सभी लोग मनेर दरगाह से उर्स मेला देखकर रविवार सुबह अपने घर आरा लौट रहे थे। इसी दौरान लेखन टोला के पास आरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बेलगाम ट्रक ने ऑटो में जबरदस्त टक्कर मार दी।
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।