Dhurandhar on OTT: बॉक्स ऑफिस पर तूफानी कमाई कर हाल के समय की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शुमार रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर’ ने अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी धमाकेदार एंट्री कर ली है। यह फिल्म शुक्रवार की आधी रात से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होना शुरू हो गई है, जिससे इसकी ग्लोबल पहुंच और भी बढ़ गई है।
फिल्म को नेटफ्लिक्स पर हिंदी के साथ-साथ तमिल और तेलुगु भाषा में भी रिलीज किया गया है, ताकि देश-विदेश के अलग-अलग भाषाई दर्शक ‘धुरंधर’ का अनुभव ले सकें।
Dhurandhar on OTT: 190 से अधिक देशों में देख सकेंगे आप
नेटफ्लिक्स इंडिया की वीपी (कंटेंट) मोनिका शेरगिल ने एक प्रेस नोट में कहा कि ‘धुरंधर’ एक सच्चा पॉप-कल्चर मोमेंट बन चुकी है। उन्होंने कहा, “धुरंधर एक ऐसी ब्लॉकबस्टर है जिसने दर्शकों की कल्पना और बातचीत को बड़े स्तर पर प्रभावित किया है। हम इस फिल्म को नेटफ्लिक्स पर लाकर बेहद उत्साहित हैं, जहां इसे 190 से ज्यादा देशों के दर्शक देख सकेंगे। निर्देशक आदित्य धर की महत्वाकांक्षी और साहसिक सोच में बनी यह फिल्म, जियो स्टूडियोज और B62 स्टूडियोज के साथ हमारी मजबूत क्रिएटिव साझेदारी को भी दर्शाती है।”
Dhurandhar on OTT: स्टार की जमकर तारीफ
मोनिका शेरगिल ने फिल्म की स्टारकास्ट की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना और पूरी एंसेंबल कास्ट की दमदार परफॉर्मेंस इसे स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा प्रतीक्षित फिल्मों में से एक बनाती है।
वहीं, फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने भी डिजिटल रिलीज को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि थिएटर में दर्शकों से मिला प्यार उनके लिए बेहद भावुक कर देने वाला अनुभव रहा।
आदित्य धर ने कहा, “धुरंधर को लेकर थिएटर में दर्शकों की प्रतिक्रिया बेहद विनम्र करने वाली रही। कहानी, किरदारों और इसके स्केल से लोगों का जुड़ाव देखना खास था। अब नेटफ्लिक्स पर रिलीज के साथ फिल्म एक नए अध्याय में प्रवेश कर रही है, जहां नए दर्शक इसकी परतों को समझ सकेंगे और पुराने दर्शक इसे दोबारा अपने समय पर देख पाएंगे।”
Dhurandhar on OTT: दुनिया ने देखा बॉलीवुड का जलवा
फिल्म की निर्माता और जियो स्टूडियोज की प्रेसिडेंट ज्योति देशपांडे ने कहा कि ‘धुरंधर’ ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाए, बल्कि भारतीय सिनेमा की ग्लोबल ताकत को भी साबित किया।
उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी और प्रस्तुति भाषा और सीमाओं से परे जाकर दर्शकों को एक इमर्सिव अनुभव देती है। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म को लगभग OTT-स्टाइल चैप्टर फॉर्मेट में तैयार किया गया था, जिसने दर्शकों को खासा पसंद आया।
B62 स्टूडियोज के निर्माता लोकेश धर ने भी फिल्म की सफलता को भारतीय सिनेमा के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि ‘धुरंधर’ की रिकॉर्ड-तोड़ बॉक्स ऑफिस यात्रा के बाद नेटफ्लिक्स रिलीज इसे दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाएगी।
Dhurandhar on OTT: कई फिल्मों का तोड़ा रिकॉर्ड
गौरतलब है कि ‘धुरंधर’ ने ‘पुष्पा 2: द रूल’ को पीछे छोड़ते हुए अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। रणवीर सिंह के अलावा फिल्म में अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर. माधवन अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
यह फिल्म दो भागों की फ्रेंचाइज़ी के तौर पर बनाई गई है और इसका दूसरा भाग 19 मार्च 2026 को रिलीज होने वाला है।