Bihar News: सारण जिले के लिए 22 जनवरी का दिन ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। मुख्यमंत्री का छपरा दौरा तय हो गया है। समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री 22 जनवरी, गुरुवार को सारण पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं।
Bihar News: जिलाधिकारी को मिली जिम्मेदारी
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों के अनुसार सभी अपने-अपने दायित्वों के निर्वहन में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री इस दौरान जिलेवासियों को 100 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम के दौरान 200 से अधिक योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
Bihar News: नीतीश कुमार के लिए मंच तैयार
मुख्य कार्यक्रम बिंदटोलिया स्थित निर्माणाधीन अत्याधुनिक बस स्टैंड परिसर में आयोजित होगा। यहां मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए भव्य मंच का निर्माण किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर मिट्टी भराई, समतलीकरण, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं का कार्य तेजी से चल रहा है। जिलाधिकारी स्वयं तैयारियों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं और गुणवत्ता, समयबद्धता तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहेगा। वे तेलपा हवाई अड्डा पर आगमन के बाद सदर प्रखंड में जीविका द्वारा संचालित कपड़ा सिलाई फैक्ट्री का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद नैनी हाई स्कूल और उमधा गांव स्थित शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण करेंगे तथा शिक्षा से जुड़ी कई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
Bihar News: सभा को संबोधित करेंगे नीतीश कुमार
बिंदटोलिया में महिला आईटीआई केंद्र का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री मुख्य जनसभा को संबोधित करेंगे और विकास योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। प्रशासनिक स्तर पर सभी विकास कार्यों और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।