Allahabad High Court: इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अपने पति को गोकशी के झूठे मामले में फंसाने की आरोपी महिला पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई। एएमयू से पोस्टग्रेजुएट बताई जा रही इस महिला ने इंस्टाग्राम पर मिले अपने बीटेक पास प्रेमी के साथ मिलकर पति को जेल भिजवाने और रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला और उसके भोपाल निवासी प्रेमी ने पति को तलाक देने और फंसाने के लिए गोकशी का सहारा लिया। पहली बार पति की एसयूवी में करीब दो किलो मांस रखवाकर एक राइट-विंग ग्रुप को सूचना दी गई, जिसके बाद पति को जेल भेज दिया गया।
Allahabad High Court: इसके बाद दूसरी बार महिला ने ऑनलाइन ऐप के जरिए करीब 10 किलो मांस मंगवाया और उसे पति के ई-रिक्शा में रखवाने की साजिश रची। हालांकि, इस बार पति की सतर्कता काम आ गई। उसने घर में गुप्त रूप से सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे। इन कैमरों की फुटेज में पत्नी पति के मोबाइल से ओटीपी शेयर करती और पूरी साजिश रचती नजर आई।
पोर्टर ऐप और ‘तीसरी आंख’ से खुला राज
Allahabad High Court: पुलिस को शक तब और गहरा हुआ, जब मांस लाने वाले लोडर पोर्टर के रिसीवर नंबर पर कॉल किया गया। रिसीवर ने ऑर्डर की जानकारी से इनकार कर दिया। इसके बाद घर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें साफ हो गया कि पूरी साजिश की मास्टरमाइंड पत्नी ही है।
पुलिस ने महिला के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन मुख्य आरोपी महिला फरार हो गई। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि वह लखनऊ हाईकोर्ट परिसर में मौजूद है। आरोपी को पकड़ने के लिए तीन पुलिसकर्मी नियमों के खिलाफ वकील के चैंबर तक पहुंच गए।
इस पर वकीलों ने कड़ा विरोध किया और देखते ही देखते कोर्ट परिसर में हंगामा मच गया। इसी शोर-शराबे और भगदड़ का फायदा उठाकर आरोपी महिला फिल्मी अंदाज में कोर्ट परिसर से फरार हो गई।
इस पूरे मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में तीनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है और उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब फरार महिला की तलाश में दबिश दे रही है।