Nitin Naveen: भारतीय जनता पार्टी में बड़ा संगठनात्मक बदलाव देखने को मिला है। पार्टी नेता नितिन नवीन ने निर्विरोध जीत दर्ज करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाल लिया है। मंगलवार सुबह दिल्ली के कई मंदिरों में दर्शन-पूजन के बाद नितिन नवीन बीजेपी मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।
Nitin Naveen: राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नवीन
नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में इस मौके पर वरिष्ठ नेताओं का जमावड़ा रहा। नितिन नवीन की ताजपोशी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्री और राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे।
Nitin Naveen: दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
बीजेपी मुख्यालय में गृह मंत्री अमित शाह, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहले ही पहुंच चुके थे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी समारोह में शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नितिन नवीन के साथ मंच पर पहुंचे। मंच पर पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे। ताजपोशी से पहले ही बीजेपी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रधानमंत्री मोदी के बीजेपी मुख्यालय पहुंचने पर नितिन नवीन ने फूलों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया।
Nitin Naveen को लेकर क्या बोले दिग्गज
इस दौरान बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी ने कहा कि नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना इस बात का प्रमाण है कि बीजेपी में कोई भी कार्यकर्ता शीर्ष पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने इसे पार्टी के भीतर असली लोकतंत्र का उदाहरण बताया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को सम्मानित किया और उन्हें फूलों की माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं।