Weather Update: उत्तर भारत समेत देश के अधिकांश हिस्सों में इस समय प्रचंड ठंड का प्रकोप जारी है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
IMD के अनुसार, 19 से 21 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं 22 से 24 जनवरी के दौरान इन क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
इसके अलावा 22 से 24 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले दो से तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार के कई इलाकों में घने से अत्यंत घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की आशंका है। उत्तर भारत के 13 जिलों में शीतलहर की चेतावनी भी जारी की गई है।
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। 19 जनवरी से मौसम में बदलाव के संकेत हैं। सुबह के समय हल्का से घना कोहरा देखने को मिल सकता है। सोमवार को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। स्काईमेट वेदर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के अनुसार, 18 से 20 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी और हल्की बारिश की भी संभावना है।
Weather Update: उत्तर प्रदेश का हाल
उत्तर प्रदेश में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा। 22 से 24 जनवरी के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले चार से पांच दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि अगले दो से तीन दिनों तक घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
Weather Update: बिहार में कोहरे का असर
बिहार में अगले दो से तीन दिनों तक घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल राज्य में बारिश या शीतलहर को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
Weather Update: राजस्थान में बारिश और कोहरा
राजस्थान के कुछ हिस्सों में 22 से 24 जनवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 22 और 23 जनवरी को कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है। वहीं 19 जनवरी को सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
Weather Update: पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी मौसम करवट ले सकता है। 22 से 24 जनवरी के बीच कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 19 जनवरी को सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
Weather Update: उत्तराखंड और मध्य प्रदेश का मौसम
उत्तराखंड में पहाड़ी इलाकों में हल्का हिमपात और मैदानी क्षेत्रों में कोहरा बना हुआ है। 21 और 22 जनवरी को कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि 23 और 24 जनवरी को राज्य के बड़े हिस्से में वर्षा की संभावना है।
मध्य प्रदेश के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड जारी है। रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग में शीतलहर का असर रह सकता है, जबकि ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में घना कोहरा छाने की संभावना है। सोमवार से राज्य के कुछ हिस्सों में बादल भी छा सकते हैं।