The Kerala Story 2: साल 2023 की चर्चित क्राइम ड्रामा फिल्म The Kerala Story की रिलीज के करीब तीन साल बाद निर्माता Vipul Shah इसका सीक्वल The Kerala Story 2 Goes Beyond लेकर आए हैं। पहली फिल्म की तरह इस बार भी सीक्वल रिलीज से पहले विवादों में घिर गया और मामला कोर्ट तक पहुंच गया। हालांकि कानूनी अड़चनों के बाद फिल्म आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई।
The Kerala Story 2: बॉक्स ऑफिस पर पुरानी फिल्मों को छोड़ा पीछे
27 फरवरी को रिलीज हुई ‘द केरल स्टोरी 2’ का किसी नई बॉलीवुड फिल्म से सीधा टकराव नहीं था। हालांकि बॉक्स ऑफिस पर पहले से O’Romeo और Border 2 जैसी फिल्मों की मौजूदगी थी।
‘ओ रोमियो’ में Shahid Kapoor मुख्य भूमिका में हैं, जबकि ‘बॉर्डर 2’ में Sunny Deol नजर आ रहे हैं। इसके बावजूद ‘द केरल स्टोरी 2’ ने ओपनिंग डे पर इन दोनों फिल्मों को कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया।
The Kerala Story 2: पहले दिन का कलेक्शन
विवादों के बावजूद फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के अर्ली आंकड़ों के मुताबिक, कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 3.5 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं ग्रॉस कलेक्शन लगभग 4.15 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
दूसरी ओर, ‘बॉर्डर 2’ को रिलीज हुए एक महीने से ज्यादा हो चुका है और बीते शुक्रवार इसका कलेक्शन करीब 17 लाख रुपये रहा। वहीं ‘ओ रोमियो’ ने अपने 15वें दिन लगभग 1.15 करोड़ रुपये की कमाई की।
The Kerala Story 2: क्यों हो रहा है विवाद?
‘द केरल स्टोरी 2’ की कहानी जबरन धर्म परिवर्तन जैसे संवेदनशील मुद्दे पर आधारित है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे कुछ लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जाता है। फिल्म के कुछ दृश्यों को लेकर आपत्ति जताई गई, जिसके बाद मामला अदालत तक पहुंचा।
पहले कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर अस्थायी रोक लगाई, लेकिन अगले ही दिन बैन हटाते हुए रिलीज की अनुमति दे दी गई। विवादों के बीच रिलीज हुई इस फिल्म की आगे की कमाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।