Saharanpur News: एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, पुलिस जांच में जुटी

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सरसावा थाना क्षेत्र के कौशिक विहार कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक बंद मकान के अंदर तहसील में तैनात अमीन और उसके परिवार के सदस्यों के शव मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई।

घर के अंदर मिले शव

मृतकों की पहचान अशोक कुमार (40) के रूप में हुई है, जो तहसील में अमीन के पद पर कार्यरत थे। उनके साथ उनकी मां विद्यवती (70), पत्नी अजिता (37), बेटा कार्तिक (16) और देव (13) के शव भी घर के अंदर पड़े मिले। सभी के शव गोली लगे हुए थे और मकान का दरवाजा अंदर से बंद था।

Saharanpur News: जांच में जुटी टीम

घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी मनीष बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी भी पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मानसिक तनाव हो सकता है कारण

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अशोक कुमार कोविड काल के बाद से मानसिक तनाव और डिप्रेशन में चल रहे थे, जिसका इलाज भी जारी था। आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने पहले अपने परिवार के सदस्यों को नींद की गोलियां दीं, फिर उन्हें गोली मार दी और अंत में खुद भी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि अशोक कुमार गांव में बनाए गए नए मकान में शिफ्ट होना चाहते थे, लेकिन परिवार इसके लिए सहमत नहीं था। इसी मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया हो सकता है।

पुलिस ने जब्त की मोबाइल

इसके अलावा, पुलिस (Saharanpur News) ने मृतक का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि अशोक कुमार ने आधी रात के बाद कुछ रिश्तेदारों और स्वजनों को व्हाट्सएप पर संदेश भेजे थे, जिनमें आत्मग्लानि और मानसिक पीड़ा झलकती है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला परिवार की हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मकान अंदर से बंद था और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *