पाक रक्षा मंत्री ने नकली Pizza Hut का उद्घाटन कर कराई फजीहत

Pakistan News: पाकिस्तान में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां देश के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सियालकोट कैंटोनमेंट इलाके में कथित तौर पर ‘पिज्जा हट’ आउटलेट का उद्घाटन कर दिया। लेकिन उद्घाटन के कुछ ही घंटों बाद असली पिज्जा हट पाकिस्तान ने इसे पूरी तरह फर्जी और अनधिकृत बताते हुए सार्वजनिक तौर पर खंडन कर दिया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स और मजाक की बाढ़ आ गई है।

Pakistan News: रक्षा मंत्री ने किया उद्घाटन

दरअसल, सियालकोट कैंटोनमेंट में आयोजित इस कार्यक्रम में ख्वाजा आसिफ ने रिबन काटा और आउटलेट के बाहर पिज्जा हट की लाल छत वाला मशहूर लोगो और ब्रांडिंग दिखाई दी। फोटो और वीडियो में मंत्री खुशी-खुशी उद्घाटन करते नजर आए। आयोजकों ने इसे नए पिज्जा हट आउटलेट के रूप में पेश किया, जिससे किसी को शुरुआत में शक नहीं हुआ। हालांकि, सोशल मीडिया यूजर्स ने जल्द ही गौर किया कि यह आउटलेट पिज्जा हट पाकिस्तान की आधिकारिक लिस्ट में मौजूद नहीं है। वीडियो वायरल होने के बाद असली कंपनी को सामने आकर सफाई देनी पड़ी।

Pakistan News: कंपनी ने किया खंडन

पिज्जा हट पाकिस्तान ने अपने आधिकारिक बयान में साफ कहा कि सियालकोट कैंटोनमेंट में खोला गया यह आउटलेट पूरी तरह अनधिकृत है और कंपनी से इसका कोई संबंध नहीं है। बयान में कहा गया, “पिज्जा हट पाकिस्तान अपने ग्राहकों को सूचित करता है कि सियालकोट कैंटोनमेंट में हाल ही में एक फर्जी आउटलेट खोला गया है, जो अवैध रूप से पिज्जा हट का नाम और ब्रांडिंग इस्तेमाल कर रहा है।”

Pakistan News: पिज्जा हट से कोई लेना देना नहीं

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस आउटलेट का यम! ब्रांड्स या पिज्जा हट पाकिस्तान से कोई लेना-देना नहीं है। यह न तो पिज्जा हट की अंतरराष्ट्रीय रेसिपी, न क्वालिटी प्रोटोकॉल, न ही फूड सेफ्टी और ऑपरेशनल स्टैंडर्ड्स का पालन करता है। पिज्जा हट पाकिस्तान ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराते हुए ट्रेडमार्क के दुरुपयोग पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि इतने बड़े स्तर के उद्घाटन कार्यक्रम में इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई। कई यूजर्स मंत्री और आयोजकों पर तंज कसते हुए मीम्स शेयर कर रहे हैं, जिससे यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *