Khatu Shyamji: खाटू श्याम मंदिर में फाल्गुन मास के अवसर पर आयोजित 10 दिवसीय विश्व प्रसिद्ध मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मेले की शुरुआत के महज चार दिनों में ही 7 लाख से अधिक भक्त बाबा श्याम के दर्शन कर चुके हैं, और आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है।
Khatu Shyamji: जयकारों से गूंजा परिसर
रींगस से खाटूश्याम मंदिर तक का पूरा मार्ग ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से गूंज रहा है। दूर-दराज से श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए बाबा के दरबार में पहुंच रहे हैं। दर्शन के बाद भक्तों के चेहरे पर विशेष संतोष और आनंद देखने को मिल रहा है।
श्रद्धालु प्रशासन की व्यवस्थाओं की भी खुलकर सराहना कर रहे हैं। गुरुग्राम से पहुंचे एक भक्त ने बताया कि मेले को ध्यान में रखते हुए पार्किंग की व्यवस्था मंदिर और यात्रा मार्ग से पर्याप्त दूरी पर की गई है, जिससे भीड़भाड़ और असुविधा से बचाव हो सके। मंदिर परिसर में भी प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए गए हैं, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने में आसानी हो रही है।
महिलाओं के एक समूह ने बताया कि यात्रा मार्ग में जगह-जगह भंडारों की व्यवस्था की गई है, जहां श्रद्धालुओं को भोजन और पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। भारी भीड़ के बावजूद बिना धक्का-मुक्की के श्रद्धालु शांतिपूर्वक दर्शन कर पा रहे हैं।
Khatu Shyamji: प्रशासन ने संभाली जिम्मेदारी
कई श्रद्धालु मीलों पैदल चलकर बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। उनका कहना है कि पूरी यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। भक्त इसे बाबा का आशीर्वाद मानते हैं कि इतने बड़े स्तर पर मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहा है।
10 दिनों तक चलने वाले इस मेले को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर पानी और हल्के नाश्ते की विशेष व्यवस्था की है। मंदिर के भीतर भीड़ प्रबंधन के लिए नई लाइनों का विभाजन किया गया है, जिससे दर्शन सुगमता से हो सकें।
सीकर स्थित खाटू श्याम मंदिर की ख्याति देशभर में प्रसिद्ध है। मान्यता है कि जो व्यक्ति जीवन से निराश हो जाता है, उसे बाबा श्याम सहारा देते हैं। यही कारण है कि मेले में ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ का जयघोष लगातार गूंज रहा है।