Car Stunt: नए साल का जश्न केरल के एक इंजीनियरिंग छात्र के लिए महंगा साबित हुआ। बेंगलुरु में अवैध रूप से संशोधित कार से खतरनाक स्टंट करने और सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने के मामले में परिवहन विभाग ने युवक पर 1.1 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया है।
Car Stunt: 70 हजार में खरीदी थी कार
जानकारी के मुताबिक, केरल के कन्नूर जिले का रहने वाला यह युवक 2002 मॉडल की पुरानी होंडा सिटी कार 70 हजार रुपये में खरीदकर उसमें गैरकानूनी बदलाव करवा चुका था। कार को इस तरह मॉडिफाई किया गया था कि वह तेज आवाज करती थी और एग्जॉस्ट से आग की लपटें निकलती थीं।
Car Stunt: दोस्तों के साथ कर रहा था पार्टी
न्यू ईयर के मौके पर युवक अपने दोस्तों के साथ बेंगलुरु पार्टी करने आया था। इस दौरान उसने शहर की सड़कों पर खतरनाक स्टंट किए और उनके वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
Car Stunt: कार से निकलती थी आग
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वीडियो में कार से अत्यधिक शोर, आग उगलता एग्जॉस्ट और जानलेवा स्टंट साफ दिखाई दे रहे थे, जिससे सड़क पर मौजूद लोग भी दहशत में आ गए थे। जांच में सामने आया कि वाहन में बड़े पैमाने पर अवैध संशोधन किए गए थे।
Car Stunt: 1.1 लाख रुपये का कटा चालान
पुलिस रिपोर्ट के आधार पर येलाहांका आरटीओ ने वाहन का निरीक्षण किया और नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए 1.1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया, जो कार की कीमत से भी अधिक था। कार मालिक ने जुर्माना भर दिया है और वाहन को रिलीज कर दिया गया है। साथ ही युवक को भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी भी दी गई है।