MP Accident: मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क निर्माण कार्य के दौरान तेज रफ्तार कार ने एक साथ करीब 20 मजदूरों को टक्कर मार दी। इस भीषण घटना में दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला ने बताया कि यह हादसा बरेली थाना क्षेत्र के सिग्मा कॉलोनी के सामने एकता चौक के पास दोपहर करीब 2 बजे हुआ। मजदूर सड़क डिवाइडर पर रेलिंग लगाने का काम कर रहे थे। काम के बाद सभी सड़क किनारे बैठकर खाना खा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया।
MP Accident: बिना नंबर प्लेट की कार, चालक फरार
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार कार पर रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट नहीं लगी थी। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
मंडला जिले के थे मृतक और घायल
पुलिस ने बताया कि मृतक और घायल सभी मजदूर मंडला जिले के निवासी हैं। घायलों को इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया।
MP Accident: मृतक और घायलों के नाम
हादसे में चैनवती (35) और लच्छो बाई (38) की मौत हो गई। घायलों में गोमती बाई (40), राजकुमारी (37), वर्षा बाई (39), कृष्णा बाई (41), अकलवती (36), प्रभावती (40), मीरा बाई (38), जमना बाई (35), ज्ञानवती (41), भगवती (37), लक्ष्मी बाई (39) और छोटीबाई (36) शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही फरार चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।