क्या जल्द ही अमेरिका-भारत की होगी Trade Deal, ट्रंप ने कर दिया ऐलान

India US Tie: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Bilateral Trade Agreement – BTA) को लेकर भरोसा जताते हुए कहा है कि दोनों देशों के बीच एक अच्छी और मजबूत डील होने वाली है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना करीबी दोस्त और सम्मानित नेता बताया।

India US Tie: ट्रंप ने की घोषणा

बुधवार को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के 56वें वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाषण देने के बाद ट्रंप ने भारतीय मीडिया से बातचीत की। भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा, “मेरे दिल में आपके प्रधानमंत्री के लिए बहुत सम्मान है। वह एक शानदार इंसान हैं, मेरे दोस्त हैं और हमारे बीच एक अच्छी डील होने जा रही है।”

India US Tie: विदेश मंत्रालय से मिले संकेत

इससे पहले भारत के वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने भी संकेत दिए थे कि लंबे समय से चर्चा में चल रही भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते की पहली किस्त जल्द ही सामने आ सकती है, हालांकि उन्होंने इसकी कोई तय समय-सीमा नहीं बताई।

द्विपक्षीय व्यापार को 500 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य

बीटीए का मुख्य उद्देश्य भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार को मौजूदा 191 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़ाकर वर्ष 2030 तक 500 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक करना है। इस व्यापार वार्ता की औपचारिक घोषणा फरवरी 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वॉशिंगटन यात्रा के दौरान की गई थी।

विदेश मंत्रालय ने हाल ही में 9 जनवरी को जानकारी दी थी कि भारत और अमेरिका 13 फरवरी 2025 से ही इस द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत के लिए प्रतिबद्ध हैं। मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के बीच संतुलित और आपसी लाभ पर आधारित समझौते को लेकर कई दौर की वार्ता हो चुकी है और कई बार दोनों पक्ष डील के काफी करीब भी पहुंचे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *