18 जनवरी से चलेगी हावड़ा–आनंदविहार अमृत भारत एक्सप्रेस, देखें टाइमिंग

Amrit Bharat Express: धनबाद रेलवे स्टेशन होकर चलने वाली हावड़ा–आनंदविहार अमृत भारत एक्सप्रेस 18 जनवरी को उद्घाटन स्पेशल ट्रेन के रूप में परिचालित होगी। इस विशेष ट्रेन (03065 सांतरागाछी–आनंदविहार अमृत भारत स्पेशल) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सांतरागाछी रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

Amrit Bharat Express: टाइम टेबल जारी

रेलवे द्वारा उद्घाटन स्पेशल ट्रेन का विस्तृत समय-सारिणी (Amrit Bharat Express) जारी कर दिया गया है। ट्रेन दोपहर 3:00 बजे सांतरागाछी से रवाना होगी और हावड़ा, बैंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर तथा आसनसोल होते हुए रात 8:55 बजे धनबाद पहुंचेगी। धनबाद में पांच मिनट के ठहराव के बाद यह रात 9:00 बजे आगे के लिए रवाना होगी।

इसके बाद ट्रेन (Amrit Bharat Express) गोमो में रात 9:28 से 9:30 बजे तक, पारसनाथ में रात 9:48 से 9:50 बजे तक और कोडरमा में रात 10:33 से 10:35 बजे तक रुकेगी। आगे यह गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, डीडीयू जंक्शन, वाराणसी, जौनपुर सिटी, सुल्तानपुर, निहालगढ़, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, गजरौला, हापुड़ और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन रात 9:00 बजे आनंदविहार टर्मिनल पहुंचेगी।

22 जनवरी से नियमित सेवा, पैंट्री कार की सुविधा

22 जनवरी से हावड़ा–आनंदविहार साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू होगा। इस ट्रेन के टिकटों की बुकिंग गुरुवार से शुरू होने की संभावना है। ट्रेन में केवल स्लीपर श्रेणी के टिकट उपलब्ध होंगे। इसमें स्लीपर के सात कोच और जनरल श्रेणी के 10 कोच लगाए जाएंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में पैंट्री कार भी जोड़ी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *