बिजनौर: मंदिर में लगातार परिक्रमा कर रहा ये कुत्ता, देखें Video

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना क्षेत्र में इन दिनों एक अनोखी घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। गांव नंदपुर स्थित प्राचीन मंदिर परिसर में एक कुत्ता कभी हनुमान जी तो कभी देवी मां की प्रतिमा के चारों ओर लगातार चक्कर लगाता नजर आ रहा है। इस दृश्य को देखकर ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंच रहे हैं।

मां दुर्गा की लगा रहा परिक्रमा

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना बीते दिन तड़के सुबह सामने आई, जब कुत्ता बिना रुके हनुमान जी की मूर्ति की परिक्रमा करता दिखाई दिया। कुछ देर बाद वही कुत्ता देवी मां की प्रतिमा के चारों ओर भी घूमने लगा। इस दौरान किसी श्रद्धालु ने कुत्ते का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ बढ़ने लगी। कई श्रद्धालु इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं और मूर्तियों के सामने प्रसाद व चढ़ावा अर्पित कर रहे हैं। वहीं कुछ ग्रामीण इसे रहस्यमय घटना मानते हुए अलग-अलग कयास लगा रहे हैं।

मेडिकल टीम मौके पर पहुंची

कुत्ते की हालत को देखते हुए मौके पर एक मेडिकल टीम भी बुलाई गई। डॉक्टरों की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि कुत्ते को दिमाग से जुड़ी कोई समस्या हो सकती है या उसके सिर में अंदरूनी चोट के कारण संतुलन बिगड़ गया है, जिससे वह लगातार एक ही दिशा में घूम रहा है।

पुलिस ने लोगों से की अपील

मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मंदिर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। फिलहाल यह घटना बिजनौर में आस्था, जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच के बीच चर्चा का केंद्र बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *