Char Dham Yatra 2026: बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि का औपचारिक ऐलान कर दिया गया है। यह घोषणा नरेंद्र नगर स्थित टिहरी राज दरबार में पारंपरिक धार्मिक विधि-विधान के साथ की गई। कपाट खुलते ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर सकेंगे।
जानकारी के अनुसार, श्री बदरीनाथ धाम के कपाट गुरुवार 23 अप्रैल को पूरे विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि तिथि तय होते ही आगामी चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़ी कार्य योजनाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है और शीतकालीन यात्रा के साथ-साथ चारधाम यात्रा पर विशेष फोकस रहेगा।
टिहरी राजमहल में हुआ धार्मिक आयोजन
Badrinath Dham: कपाट खुलने की तिथि तय करने के लिए शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे से टिहरी राजमहल में धार्मिक कार्यक्रम शुरू हुआ। दोपहर बाद महाराजा मनुजयेंद्र शाह की उपस्थिति में पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात राजपुरोहित आचार्य कृष्ण प्रसाद उनियाल ने पंचांग गणना और महाराजा की जन्म कुंडली का अवलोकन कर विधि-विधान से बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि निर्धारित की।
तिथि की घोषणा के साथ ही गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा की तारीख भी तय कर दी गई। इससे पहले श्री डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के प्रतिनिधियों द्वारा गाडू घड़ा तेल कलश राजमहल को सौंपा गया।
Char Dham Yatra 2026: कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस मौके पर महाराजा मनुजयेंद्र शाह, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, बद्रीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, विजय कप्रवाण, बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, मंदिर समिति सदस्य श्रीनिवास पोस्ती सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।